न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्य न्यायाधीश के अदालत कक्ष में एक सादे समारोह में न्यायमूर्ति भंसाली को मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद 21 नवंबर, 2023 को न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुआ था। न्यायमूर्ति अरुण भंसाली का जन्म 15 अक्टूबर, 1967 को हुआ और उन्होंने आठ जुलाई, 1989 को अधिवक्ता के तौर पर अपना नामांकन कराया। इसके बाद वह आठ जनवरी, 2013 को राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त किए गए।

न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति से पूर्व उन्होंने जोधपुर में उच्च न्यायालय में अनुभव प्राप्त किया, जहां उन्होंने कर, कंपनी अधिनियम, दीवानी कानून सहित कानून के विभिन्न क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर करीब 11 वर्ष की सेवा के दौरान न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने 1,230 से अधिक फैसले दिये।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights