मनोज पाल (9911711593)
ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी की व्यवस्था के दिए तत्काल निर्देश
मुज़फ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति 5.0 के तहत शुक्रवार को मुज़फ्फरनगर की प्रतिभाशाली छात्रा आकृति बंसल को एक दिन के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) का दायित्व सौंपा गया। डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने मुज़फ्फरनगर के विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में आकृति बंसल को औपचारिक रूप से पद ग्रहण कराया और उन्हें कार्यालय के कार्यों की जानकारी दी।

पी.आर. पब्लिक स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा आकृति बंसल ने जैसे ही डीपीआरओ की कुर्सी संभाली, उन्होंने जनता की शिकायतें सुनीं और समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता दिखाई।इस दौरान ग्राम रायपुर अटेरना के प्रधान ने बताया कि उनके गांव में सफाई कर्मचारी का स्थानांतरण हो जाने से सफाई व्यवस्था अस्त-व्यस्त है और गंदगी फैल रही है।एक दिन की डीपीआरओ आकृति बंसल ने समस्या की गंभीरता को समझते हुए तुरंत अधीनस्थ अधिकारियों से संपर्क साधा और रायपुर अटेरना ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी की व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए।आकृति ने कहा कि स्वच्छता हर गांव और नागरिक का अधिकार है। प्रशासन को ऐसी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने आकृति की संवेदनशीलता और निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल ही बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने का अनुभव कराती हैं।मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आयोजित इस विशेष अवसर पर महिला अधिकारियों, विद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं ने आकृति बंसल का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक जिम्मेदारी, निर्णय क्षमता और समाज सेवा के प्रति प्रेरित करना है।मुज़फ्फरनगर प्रशासन की इस पहल से यह संदेश गया कि यदि बेटियों को अवसर मिले, तो वे किसी भी जिम्मेदारी को ईमानदारी और दक्षता के साथ निभा सकती हैं। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव के अलावा डॉ राजीव कुमार कार्यालय के समस्त कर्मचारी गण उपस्थित रहे |
