मुजफ्फरनगर | देश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और गौ वंश की नस्ल सुधारने की केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मुज़फ्फरनगर जनपद के तुगलकपुर कमहेड़ा स्थित गौ अभयारण्य में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। अत्याधुनिक भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक (Embryo Transfer Technology) के जरिए आज 20 गायों में साहीवाल नस्ल के उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किए गए।इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा मुजफ्फरनगर के इस गौ अभयारण्य को चुना गया था, जहां पिछले कई महीनों से विशेषज्ञों की देखरेख में चयनित गायों को इस प्रक्रिया के लिए तैयार किया जा रहा था। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के भ्रूण प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. जनार्दन और सुदर्शन की टीम ने आज यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया अंजाम दी। इस तकनीक के माध्यम से उच्च नस्ल की, अधिक दूध देने वाली स्वस्थ गायों के जन्म की उम्मीद जताई जा रही है।

इस मौके पर डॉ. संजीव बालियान ने कहा, “यह तकनीक देश में दूध के उत्पादन को बढ़ावा देने और इसकी कमी को दूर करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका लाभ सीधे किसानों को मिलेगा।”श्री गोवर्धन गो सेवा समिति के अध्यक्ष कुश पुरी ने बताया कि इस योजना के तहत कुल 500 गायों में भ्रूण प्रत्यारोपित किए जाने हैं। इससे न केवल गौ अभयारण्य स्वावलंबी बनेगा, बल्कि किसानों को भी उन्नत नस्ल की गायें आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

समिति के सचिव विपुल भटनागर ने कहा कि निराश्रित गौवंश को आश्रय देने और उनके जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में यह अभयारण्य एक मिसाल है। भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक सीएसआर) के पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने भी इस कार्यक्रम में अपना तकनीकी सहयोग प्रदान किया।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रजत चौधरी, अरविंद भारद्वाज, सुभाष चौधरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights