हरिद्वार, 17 फ़रवरी । भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी रुड़की के छात्र आशीष शुक्ला का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद कर लिया गया है। जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें बीती 11 फरवरी के दिन आईआईटी रुड़की एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र आशीष शुक्ला निवासी बनारस उत्तर प्रदेश, अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकला था। इस दौरान वह नगर निगम स्थित गंगनहर किनारे बने वाल्मीकि घाट पर बैठा हुआ था। इसी बीच उसका पैर फिसल गया। उसका संतुलन बिगड़ने से वह गंगनहर में जा गिरा और पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। जिसके बाद से ही एसडीआरएफ, आर्मी, गोताखोर और पुलिस गंगनहर में सर्च ऑपरेशन चलाकर उसकी तलाश कर रही थी।
इस दौरान नहर का पानी भी बंद कराया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बंगाल इंजीनियर ग्रुप के जवान, एनडीआरएफ, एसडीआरएऊ, पुलिस, आपदा प्रबंधन और जल पुलिस सहित करीब 100 सदस्यीय टीम ने छात्र की तलाश के लिए गंगनहर के अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। संभावित स्थानों पर जाल भी डाले गए। जिसके बाद मंगलवार की सुबह मोहम्मदपुर झाल क्षेत्र में छात्र का शव दिखाई देने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। छात्र के शव मिलने की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। इसी के साथ आईआईटी रुड़की के छात्र-छात्राओं में भी शोक व्याप्त है।
