accident-kawadiya-death-jam

फर्रुखाबाद,14 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश केफर्रुखाबाद में गुरुवार देर रात इटावा-बरेली हाईवे पर गांधी गांव के निकट एक तेज रफ्तार डंपर ने कांवड़ लेकर जा रहे 22 वर्षीय कांवड़िए को टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, कमालगंज थाना क्षेत्र के गदाखेड़ा गांव निवासी शिवकुमार (22) अपने लगभग 55 साथियों के साथ पांचाल घाट से कांवड़ लेकर गोला जा रहे थे। गांधी गांव के पास पीछे से आए डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे शिवकुमार की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद शिवकुमार के साथ चल रहे कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। वे डंपर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे चालक की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया, हालांकि चालक फरार हो गया।

जाम की सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

परिजनों के अनुसार, मृतक शिवकुमार अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights