आम आदमी पार्टा (AAP) ने रविवार को डिग्री दिखाओ कैंपेन की शुरुआत की। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘आज से हम एक कैंपेन की शुरुआत कर रहे हैं। उस कैंपेन का नाम है डिग्री दिखाओ कैंपेन। आज से हर रोज AAP के नेता अपनी डिग्री देश को दिखाएंगे। शुरुआत मैं कर रही हूं।’ इसके बाद आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी तीन डिग्रियां दिखाईं।
अपनी डिग्री दिखाते हुए आतिशी ने कहा, ‘मैंने बीए दिल्ली यूनिवर्सिटी से की है। यह मेरी डीयू की डिग्री है। उसके बाद मैंने मास्टर्स ऑक्सफोर्ड से की है, यह उसकी ओरिजिनल डिग्री है। इसके बाद मैंने एक और मास्टर्स की है ऑक्सफोर्ड से, यह उसकी डिग्री हैं। मैंने अपनी तीनों डिग्री आप के माध्यम से देश के सामने रखी है। इस कैंपेन के माध्यम से मैं देश के सभी नेताओं से अपील करना चाहती हूं कि वो भी अपनी डिग्रियां दिखाएं। खासतौर पर मैं भाजपा से अपील करना चाहती हूं कि अगर उनके नेताओं के पास डिग्रियां हैं तो वह भी जरूर दिखाएं।’
आतिशी ने आगे कहा, ‘मैंने जहां से पढ़ाई की अगर वहां कोई जाएगा तो मेरे कॉलेज वाले बहुत गर्व से बताएंगे कि आतिशी ने यहां से पढ़ाई की थी, वो आज दिल्ली की शिक्षा मंत्री हैं। मेरे कॉलेज वालों को मुझपर गर्व होगा। मुझे इस बात पर थोड़ा अचंभा होता है कि अगर गुजरात यूनिवर्सिटी से देश के पीएम नरेंद्र मोदी जी ने डिग्री हासिल की है तो डिग्री न दिखाने के लिए यूनिवर्सिटी कोर्ट क्यों जा रहा है? क्या गुजरात यूनिवर्सिटी को इस बात पर गर्व नहीं है?’
दरअसल, बीते दिनों कोर्ट ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने यह जुर्माना इसलिए लगाया था क्योंकि केजरीवाल ने पीएम मोदी की डिग्री मांगी थी। साल 2016 में गुजरात यूनिवर्सिटी ने कोर्ट में पीएम मोदी डिग्री केस को लेकर एक याचिका दायर की थी। कोर्ट ने इसपर फैसला सुनाते हुए केजरीवाल पर 25,000 रुपए का फाइन लगा दिया। फाइन लगने के बाद AAP के कई नेता पीएम मोदी के डिग्री को लेकर सवाल उठाने लगे। अब AAP ने डिग्री दिखाओ कैंपेन की शुरुआत की है। इस कैंपेन के तहत हर रोज AAP के नेता अपनी डिग्री दिखाएंगे।
