क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक ने बताया कि छठ पूजा में आज सूर्य को अर्घ्य देने की परम्परा निभाने के लिए केराकत तहसील क्षेत्र अंतर्गत गाेमती नदी के तट पर भाेर के समय से हजाराें महिलाएं एवं लाेगाें की भीड़ पहुंची थी। पूजा के लिए सिहोली निवासी गोलू यादव(20) पुत्र दुलार यादव भी परिवार के साथ सरौनी पूरब पट्टी ताड़ी नदी घाट पर आया था। घाट पर सुबह लगभग 5 बजे सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदी में उतरते समय अचानक पैर फिसलने से गाेलू गहरे पानी में गिरकर डूब गया। घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
सीओ ने बताया कि इस जानकारी पर केराकत थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह थाना पुलिस टीम के साथ माैके पर पहुंचे और नदी में डूबे युवक की गोताखोराें से तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद नदी में डूबे युवक का शव घाट से लगभग तीन किमी. दूर से बरामद कर लिया गया। इस मामले में परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जायेगी।
