वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि रात लगभग दो बजे गुलदार अचानक तेज गति से थाने के भीतर प्रवेश करता है और थानाध्यक्ष के कक्ष के बाहर मौजूद कुत्ते पर झपटता है। कुत्ता भी गुलदार से डर कर भागने की जगह उससे भिड़ने का प्रयास करता है, किंतु वह तेंदुए के सामने टिक नहीं पाता और तेंदुआ उसे उठा ले जाता है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि कुत्ते की यह वफादारी और तत्परता बड़ी घटना होने से बचा ले गई, क्योंकि तेंदुआ थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों पर भी हमला कर सकता था। घटना के बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखते हुए बने वीडियो में संभवतय पुलिसकर्मी कुमाउनी भाषा के लहजे में कुत्ते के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए सुनाई पड़ते हैं। अलबत्ता इस घटना के संबंध में पूछे जाने पर बेतालघाट के थानाध्यक्ष विजय नेगी ने कहा कि घटना के दिन वह थाने में नहीं थे।
उन्होंने थाने के पुलिस के पुलिस कर्मियों से पूछताछ की, लेकिन घटना की पुष्टि नहीं हुई। अलबत्ता वीडियो में नजर आ रहा दृश्य बेतालघाट थाने का ही है, और जिस कुत्ते को गुलदार दबोचकर ले जाता नजर आ रहा है। वह अभी भी थाने के पास ही मौजूद नजर आ रहा है। उन्होंने आशंका जतायी कि एआई से इस वीडियो को बनाया गया हो।
