आंधी में गिरी होर्डिंग ने ली लोडिंग चालक की जान

झांसी, 22 मई (हि.स.)। आधी रात के बाद आई भीषण आंधी के दौरान वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के बाहर पार्सल ऑफिस के सामने के पाथ वे किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी पर सो रहे चालक के ऊपर विशालकाय होर्डिंग गिरने से ड्राइवर की मौत हो गई। यात्रियों ने उस होर्डिंग को आसपास के व्यक्तियों की मदद से हटाया। आरपीएफ मूक दर्शक बनी रही। मौके पर पहुंचे रेलवे चिकित्सक ने चालक को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी व नवाबाद थाना क्षेत्र के सीमा विवाद के चलते शव करीब ढाई घंटे तक पड़ा रहा। बाद में नवाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।

सीमा क्षेत्र के विवाद में ढाई घंटे भीगता रहा शव

घटना की सूचना पर जीआरपी और नवाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घटनास्थल को लेकर विवाद शुरू हो गया। जीआरपी का कहना था कि घटना स्थल उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है तो नवाबाद थाने की पुलिस वह स्थान जीआरपी थाना क्षेत्र बता रही थी। इस दौरान जोरदार बारिश भी शुरू हो गई। ऐसे में सड़क पर पड़ा शव भीगता रहा और दोनों पुलिस बल सीमा विवाद में उलझे रहे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने विवाद की स्थिति देखी तो वह शव को उठाकर कुली विश्राम गृह के पास ले गए और शव को बारिश से बचाने के लिए छज्जे के नीचे रख दिया।

सीमा विवाद के दौरान जब जीआरपी घटना स्थल से पल्ला झाड़ कर चली गई। इसके बाद नवाबाद पुलिस ने घटनास्थल को अपना कार्यक्षेत्र माना और ढाई घंटे बाद रात 3 बजे शव को मौके से उठवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights