मुजफ्फरनगर | मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम टीम ने एक शातिर ठग को पंजाब से गिरफ्तार किया है, जो व्हाट्सएप के माध्यम से E CHALLAN.APK फाइल भेजकर लोगों का मोबाइल हैक करता और उनके खाते से पैसे निकालकर ऑनलाइन सोना और अन्य कीमती सामान खरीदता था।

पुलिस ने बताया कि थाना ककरौली क्षेत्र के ढाँसरी इलाके में एक व्यक्ति के खाते से 3,78,500 रुपये की ठगी हुई थी। इस मामले में मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मुक़दमे की जाँच के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत उर्फ गगन को पंजाब से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरप्रीत उर्फ गगन, पुत्र परमजीत, निवासी महालक्ष्मी नगर विजय नगर, इंदौर, मध्य प्रदेश हाल निवासी टेक टाउन सोसाइटी, जीरकपुर, पंजाब के रूप में हुई है।पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुरप्रीत एक शातिर ठग है। वह 2018 से साइबर अपराध में सक्रिय है और पंजाब तथा हरियाणा में उसके खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी व्हाट्सएप पर E CHALLAN.APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करता और उनके पैसे किसी फर्जी खाते में ट्रांसफर कर देता था। इसके बाद वह इन पैसों से ऑनलाइन सोना और अन्य कीमती सामान खरीदता था।

पुलिस को गुरप्रीत को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गुरप्रीत ठगी के दौरान फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था, जिसमें मोबाइल नंबर, डिलीवरी का पता और आधार कार्ड शामिल थे। उसने पीड़ित के खाते से पैसे निकालकर सोना और मोबाइल खरीदा और डिलीवरी के लिए हरमन नामक फर्जी आधार कार्ड का उपयोग किया। डिलीवरी बॉय को हरमन नाम का फर्जी आधार कार्ड दिखाकर ने उसने सामान अपने पास रख लिया और इसे सही पते पर पहुंचने नहीं दिया।पुलिस ने डिलीवरी नंबर और पते की जांच की, इंदौर और उड़ीसा में छानबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। लंबी और जटिल पड़ताल के बाद गुरप्रीत उर्फ गगन को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 5 सीम कार्ड, 1 आधार कार्ड और 1 आधार कार्ड की फोटो कॉपी बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में गुरप्रीत ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी पंकज धनबाद निवासी के साथ मिलकर साइबर अपराध करता था। वे पीड़ितों को व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करते और उनके खाते से पैसे निकालकर गोल्ड व अन्य कीमती सामान खरीदते थे। पूरे काम में सभी फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाता था। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम टीम के प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह, निरीक्षक रविंद्र पाल, उप निरीक्षक गौरव चौहान, उप निरीक्षक धर्मराज यादव, उप निरीक्षक मुबारिक हुसैन, कांस्टेबल सुनील कुमार और अंकुर शर्मा आदि पुलिसकर्मी की टीम शामिल रही ।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights