मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। बीती रात थाना सरसावा और गागलहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में एक लाख के ईनामी बदमाश को ढेर कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि जनपद में अपराधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
बीती रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें वांछित शातिर लूटेरा मारा गया।मुठभेड़ में थानाध्यक्ष गागलहेड़ी प्रवेश शर्मा के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि थानाध्यक्ष सरसावा विनोद कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली फंसी। मारे गए बदमाश की पहचान इमरान पुत्र रज्जाक निवासी सोन्टा रसूलपुर, थानाभवन (शामली) के रूप में हुई है।
इमरान के खिलाफ सहारनपुर, मेरठ, शामली और मुजफ्फरनगर में डकैती और लूट के दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज थे।पुलिस ने मौके से दो पिस्टल (.32 बोर), 18 खोखे व 10 जिंदा कारतूस, थाना गागलहेड़ी क्षेत्र से लूटी गई एक मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाश पिछले दो वर्षों से कई जिलों में सक्रिय था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
