दिल्ली चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने घोंडा के यमुना खादर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। आज की चुनावी रैली को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री ने महाकुंभ में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैं प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’ कई लोगों को चोटें आईं। मैं लगातार उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हूं। कुछ समय के लिए पवित्र स्नान की प्रक्रिया बाधित हुई लेकिन अब कुछ घंटों से यह सुचारू रूप से चल रही है।
मोदी ने कहा कि दिल्ली का ये क्षेत्र यमुना जी के तट पर बसा है। इस इलाके में तो बाबा श्याम गिरि भी विराजते हैं, मैं उनको नमन करते हुए आप सभी जनता जनार्दन को भी प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि कार्य दिवस होने के बावजूद भी आप यहां इतनी विशाल संख्या में दोपहर के समय हम सबको आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी के बाद दिल्ली में बनने वाली भाजपा सरकार अपने सभी वादे समयबद्ध तरीके से पूरे करेगी। ये मोदी की गारंटी है।
पीएम ने कहा कि ये दृश्य दिल्ली का मूड बता रहा है। ये दिल्ली के जनादेश के दर्शन करा रहा है। दिल्ली कह रही है – अब आप-दा के बहाने नहीं चलेंगे। दिल्ली कह रही है – आप-दा के फर्जी वादे नहीं चलेंगे। दिल्ली कह रही है – अब आप-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब एक ऐसी सरकार चाहती है। जो गरीबों के लिए घर बनाए। जो दिल्ली को आधुनिक बनाए। दिल्ली ऐसी सरकार चाहती है, जो हर घर नल से जल पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए। इसलिए पूरी दिल्ली आज कह रही है – 5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी, भाजपा आएगी।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि 8 तारीख के बाद जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी, तो जो भी वादे आपसे किए गए हैं, वो सारे वादे समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। ये मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब – गारंटी पूरा होने की गारंटी। उन्होंने कहा कि भारत के करोड़ों नागरिक विकसित भारत के संकल्प को लेकर दिनरात जुटे हुए हैं। ये बहुत जरूरी है कि विकसित भारत की राजधानी भी एक विकसित देश का ‘मॉडल शहर’ बने।