-----------------

देहरादून, 23 नवंबर । उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियों को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाने की घोषणा की है। पार्टी 26 नवंबर को चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के साथ मिशन 2027 का आगाज करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा। भाजपा इसे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के प्रमुख निर्णयों को जनता के सामने रखने का माध्यम बनाएगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने सोमवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यालय आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और चुनावी समन्वय का प्रमुख केंद्र बनेगा।

दीप्ति रावत ने कहा कि भाजपा चुनाव को केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही प्रस्तुत करने का अवसर मानती है। इसी उद्देश्य से सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा जाएगा। इसमें विकास परियोजनाओं, रोजगार सृजन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, पर्यटन, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के हित में किए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा शामिल होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करने, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने जैसे कदम उठाए गए हैं। सरकार ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में भी काम किया है।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार, चारधाम यात्रा को सुगम बनाने, सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से कई कार्य किए गए हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना, होमस्टे, किसानों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं को भी रिपोर्ट कार्ड में प्रमुखता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सरकार के कामकाज और संगठन की ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 26 नवंबर का कार्यक्रम इसी अभियान की शुरुआत होगा।

दीप्ति रावत ने कहा कि पार्टी जनता के सामने अपने पांच वर्षों के कामकाज का लेखा-जोखा रखेगी और प्रदेश के विकास के लिए लिए गए निर्णयों तथा योजनाओं की जानकारी साझा करेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights