मेरठ से सोशल मीडिया स्टार शादाब जकाती को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। ‘दस रुपये वाला बिस्कुट कितने का है जी’ डायलॉग से सोशल मीडिया पर चर्चित हुए यूट्यूबर शादाब जकाती एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनके साथ वीडियो बनाने वाली महिला और उसके पति के बीच का विवाद है। महिला के पति खुर्शीद उर्फ सोनू ने इंचौली थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। अपनी पत्नी पर उसे मारने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया। साथ ही, उसने यूट्यूबर शादाब जकाती पर भी कई आरोप लगाए। थाने में उसने सुरक्षा की मांग की। अब यह मामला खासी चर्चा में आ गया है।
थाने में रोकर लगाई गुहार
बुधवार को खुर्शीद इंचौली थाने पहुंचा और भावुक होकर पुलिस के सामने अपनी पीड़ा रखी। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली जाती है। शादाब जकाती के साथ वीडियो बनाती है। खुर्शीद का दावा है कि उसकी पत्नी उसकी हत्या की साजिश रच रही है। उसने थाने में रोते हुए खुद की और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की। इस दौरान उसने शादाब जकाती पर भी पत्नी को बहकाने और पारिवारिक विवाद की जड़ बनने जैसे आरोप लगाए।
वायरल हुए पति-पत्नी के वीडियो
गुरुवार को इस पूरे मामले से जुड़े पति और पत्नी के अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। हालांकि, इन वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। एनबीटी ऑनलाइन भी इन वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पत्नी ने किया पलटवार
दूसरी तरफ, खुर्शीद की पत्नी ने एक वीडियो जारी कर पति के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। महिला ने साफ कहा कि वह शादाब जकाती के साथ काम करती है और इसके बदले उसे मेहनताना मिलता है। इससे उनका परिवार चलता है। वह इससे बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। उसने शादाब जकाती पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया।
महिला का कहना है कि उसका पति खुर्शीद उसके साथ आए दिन मारपीट करता है। वह लंबे समय से घरेलू हिंसा की शिकार रही है। उसने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण के लिए मजबूरी में वह शादाब जकाती के साथ वीडियो बनाने का काम कर रही है।
तलाक, अलग रहने की बात
महिला ने यह भी दावा किया कि खुर्शीद उसे पहले दो बार तलाक दे चुका है। अब वह पति की प्रताड़ना से पूरी तरह तंग आ चुकी है। वह खुद तलाक लेना चाहती है। इसी वजह से खुर्शीद उस पर झूठे आरोप लगाकर थाने में हंगामा कर रहा है। इंचौली थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया के चर्चित चेहरों में से एक शादाब जकाती से जुड़ा यह विवाद एक बार फिर चर्चा में है। इसको लेकर वीडियो वायरल किए जा रहे हैं।
