सहारनपुर(मनीष अग्रवाल)। नगर निगम बकयादारों से टैक्स वसूली के लिए बड़ा अभियान चलायेगा। होटल महारानी व स्टार पेपर मिल सहित दस बडे़ बकायादारों पर शिकंजा कसा जायेेगा। टैक्स वसूली के दौरान बकायादार यदि टैक्स अदा नहीं करते है तो उनकी सम्पत्ति कुर्क की जायेगी। उक्त सभी बडे़ बकायादारों को नोटिस पहले ही भेजे जा चुके हैं।
नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने आज टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ टैक्स वसूली की समीक्षा करते हुए बड़े बकायादारों की सूची बनाने के निर्देश दिए। प्रथम चरण में होटल महारानी व स्टार पेपर मिल सहित दस बडे़ बकायादारों से वसूली की जायेगी, टैक्स जमा न करने पर उनकी सम्पत्ति की कुर्की सहित उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। दस बड़े बकायादारों के अलावा अन्य दूसरे बडे़ बकायादारों के खिलाफ दूसरे चरण में कार्रवाई होगी। रेलवे रोड, कोर्ट रोड के अनेक बड़े बकायादारों की भी सूची बनायी जा रही है।गत वर्ष नगर निगम द्वारा टैक्स वसूली मंे ग्यारह करोड़ रुपये की बढ़ोत्तरी की गयी थी इस वर्ष इसे दोगुणा करते हुए 22 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश शासन द्वारा निकायों एवं निगमों को विभिन्न योजनाओं के लिए जो धन राशि आवंटित की जाती है वह निकायों की वसूली को आधार बनाकर की जाती है। नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने बताया कि गत वर्ष की गयी 11 करोड़ की वसूली के आधार पर सीएम ग्रिड से नगर निगम को इस वर्ष 22 करोड़ रुपया मिला है। उन्होंने बताया कि शहर के विकास के लिए काफी कार्य कराये जाने है जिनके लिए अधिक धनराशि की आवश्यकता होगी। इसलिए यह जरुरी है कि टैक्स वसूली को बढ़ाया जाए ताकि शासन से भी अधिक धनराशि आवंटित करायी जा सके। उन्होंने बताया कि जिन बडे़ बकायादारों से वसूली का अभियान चलाया जा रहा है उन्हें नोटिस दिये जा चुके हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights