कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यदि हिंदुस्तान में रोजगार होता तो युवा 12 घंटे मोबाइल न चलाते। राहुल गांधी ने यह बात अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत संभल में एक सभा को संबोधित करते हुए कही। भारत जोड़ो न्याय यात्रा कल मुरादाबाद, अमरोहा होते हुए संभल पहुंची, जिसमें तमाम जगह पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी ने संभल में चंदौसी चौराहे पर लोगों को संबोधित करते हुए एक युवक से पूछा, ”तुम मोबाइल कितने घंटे चलाते हो, उसने कहा 12 घंटे।” इस पर राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान में रोजगार नहीं है तभी तो 12 घंटे मोबाइल चलाते हो। आपको मालूम है बड़े-बड़े व्यापारियों के बेटे रील नहीं देखते वे 24 घंटे अपना धन गिनते हैं। यदि आपको रोजगार मिलेगा तो आप आधे घंटे रील देखोगे और 12 घंटे काम करोगे।”

राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान कई बार दावा किया है कि पिछड़े वर्गों, दलितों और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदायों के लोग बड़े पदों पर नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि हम इस देश में किसी कंपनी के कर्मचारियों की सूची निकालें, मालिकों की सूची निकालें। एक पिछड़ा दलित नहीं मिलेगा। मीडिया घरानों के मालिकों और रिपोर्टर की सूची निकालिये, निजी कॉलेज और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की सूची निकालिये। इन पदों पर वही तीन से चार फीसदी लोग (उच्च जाति के) काम करते रहते हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे किसानों, छोटे व्यापारियों को खत्म करने का काम किया जा रहा है। आपको भूखा मारा जा रहा है, आपको खत्म किया जा रहा है। परीक्षा पेपर इसीलिए लीक होते हैं क्योंकि ये लोग हिंदुस्तान के युवाओं को रोजगार नहीं दिलवाना चाहते और न हीं दिलवा सकते हैं।”

कांग्रेस की भारत जोड़ों न्याय यात्रा आज यानी 25 फरवरी को आगरा पहुंचेगी। यह यात्रा टेढ़ी बगिया स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होगी। इस यात्रा को लेकर कांग्रेसियों का उत्साह और भी बढ़ गया है, क्योंकि आज इस यात्रा में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights