मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित एस.डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी एक बार फिर युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने जा रहा है। 19 मार्च 2026 को यहां आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेला (मेगा जॉब फेयर-2026) को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें इस बड़े आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रेस वार्ता के दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी पारूल सिंघल और संस्थान के उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि यह रोजगार मेला न सिर्फ मुजफ्फरनगर बल्कि आसपास के जिलों के हजारों युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित होगा। इस आयोजन में 80 से अधिक नामी-गिरामी निजी कंपनियां भाग लेंगी, जो करीब 5000 पदों पर भर्ती करेंगी। इस मेगा जॉब फेयर में देश की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे लारसन एंड टरबो, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, स्वराज मोटर्स, चेतू आईटी कंपनी, एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी, डिक्सन टेक्नोलॉजी सहित कई अन्य कंपनियां युवाओं को रोजगार का मौका देंगी। विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार एवं लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। यहां एग्जीक्यूटिव, टेक्निकल असिस्टेंट, फील्ड एग्जीक्यूटिव, इंश्योरेंस एडवाइजर समेत कई पदों पर भर्ती की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर जॉबसीकर के रूप में ऑनलाइन पंजीकरण कर इस मेले में हिस्सा ले सकते हैं। साथ ही मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, फोटो आईडी जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
सबसे खास बात यह है कि इस पूरे भर्ती प्रक्रिया में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क है, जिससे अधिक से अधिक युवा बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने करियर की दिशा तय कर सकें। प्रेस वार्ता में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मेगा जॉब फेयर-2026 केवल एक रोजगार मेला नहीं, बल्कि उन हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने का मंच है, जो अपने उज्ज्वल भविष्य की तलाश में हैं। यह आयोजन निश्चित ही क्षेत्र में रोजगार के नए द्वार खोलेगा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत कदम साबित होगा।
