ईटानगर में स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में 37 वर्षीय एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी पश्चिमी कामेंग जिले के दिरांग में नुना कैंप गांव का निवासी है और ईटानगर महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी को सात सितंबर को 14 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने स्कूल जाते समय उसे अपनी स्कूटी पर लिफ्ट देने का प्रस्ताव दिया था।

एसपी ने कहा, ‘‘आरोपी ने यात्रा के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ और उससे बचने के लिए लड़की को चलती स्कूटी से कूदना पड़ा।’’ सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की और पता चला कि आरोपी ने ईटानगर में स्कूल और कॉलेज की और लड़कियों के साथ भी इसी तरह की हरकत की हैं।

उन्होंने बताया कि जांच में सात अन्य पीड़ित भी सामने आए और कुल आठ लड़कियों को आरोपी ने निशाना बनाया था। पुलिस के अनुसार, इसमें चार स्कूली छात्राएं और अन्य चार कॉलेज में पढ़ने वालीं छात्राएं थीं।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने बताया कि कुछ अन्य पीड़ितों के भी सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights