वैशाली के संत जॉन्स परीक्षा केंद्र पर CTET परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला. दरअसल, 9:30 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए सुबह 11 बजे तक क्वेश्चन पेपर नहीं पहुंचा, जिससे परीक्षार्थी आक्रोशित हो गए. परीक्षार्थियों के अनुसार, उन्हें सुबह 9:30 बजे से परीक्षा देना था, लेकिन निर्धारित समय से डेढ़ घंटे बाद भी क्वेश्चन पेपर नहीं मिला.
परीक्षार्थियों ने किया हंगामा
पूरा मामला वैशाली थाना क्षेत्र के केशोपुर स्थित संत जॉन्स परीक्षा केंद्र की है. इस केंद्र पर एक हजार से अधिक परीक्षार्थी CTET परीक्षा देने के लिए आए थे. परीक्षार्थियों ने इसके लिए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर आरोप लगाया है. उनका कहना था कि क्वेश्चन पेपर समय पर न लाने में लापरवाही की गई है. परीक्षार्थियों ने मोर्चा खोल दिया और संत जॉन्स एकेडमी में हंगामा करना शुरू कर दिया. परीक्षा केंद्र से बाहर निकलकर भी परिक्षार्थियों ने विरोध किया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परीक्षार्थियों को शांत करने का प्रयास किया.
समय पर नहीं मिला क्वेश्चन पेपर
इस दौरान परीक्षार्थियों ने बताया कि वे तय समय के अनुसार एग्जाम सेंटर पहुंचे थे, लेकिन क्वेश्चन पेपर समय पर नहीं मिला. जब अधिकारी देर से क्वेश्चन पेपर लेकर आए, तो परीक्षार्थियों ने इनकार कर दिया. इसके कारण परीक्षा नहीं हो पाई है. स्थिति को देखते हुए परीक्षा केंद्र पर आसपास के कई थानों से पुलिस बल को बुलाया गया. उच्च अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दी गई है. इस संबंध में सदर SDPO गोपाल मंडल ने बताया कि सीटेट का एग्जाम चल रहा था. लेकिन देरी के कारण परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया. मामले की जांच की जाएगी.
