नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम के नाथुला इलाके में एक भीषण हिमस्खलन में पर्यटकों की मौत पर मंगलवार को शोक जताया और इस हादसे के मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। नाथुला इलाके में भीषण हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मोदी के हवाले से किए गए एक ट्वीट में कहा, ‘‘सिक्किम में हिमस्खलन से व्यथित हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।”

सेना ने एक बयान में कहा कि गंगटोक को चीन सीमा पर नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर सुबह करीब साढ़े 11 बजे हिमस्खलन हुआ, जिसमें पांच-छह वाहन फंस गए और करीब 30 लोग बर्फ के नीचे दब गए। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने सेना की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि शाम चार बजे तक सात शव बर्फ से बाहर निकाले गए और 23 लोगों को जिंदा बचाया गया। नाथुला दर्रा चीन से लगी सीमा पर स्थित है और यह अपनी मनोरम सुंदरता के कारण पर्यटकों का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र है। यह देश में हिमालय के सर्वाधिक महत्वपूर्ण दर्रो में एक है। यह गंगटोक से 55 किमी से अधिक की दूरी पर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights