यूपी में वकीलों की हड़ताल अब उफान पर है। लखनऊ में गुरुवार दोपहर को वकीलों ने पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों की पुलिस से झड़प भी हुई। बढ़ते विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए परिवर्तन चौराहे की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।
सुबह वकीलों ने आम सभा की। इसमें तय हुआ था कि आज पुतला फूंका जाएगा। दोपहर करीब 1.30 बजे ग्लोब पार्क वाले तिराहा पर बड़ी संख्या में वकील इकट्‌ठा होने लगे। 800 से ज्यादा वकील यहां पहुंच चुके थे। इसी दौरान वकीलों का एक गुट यहां पुतला लेकर पहुंचा। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया। लेकिन वकीलों ने पुतले में आग लगा दी। फिर चारों तरफ से घेर लिया।
इसके बाद पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने एक्शन लेते हुए वकीलों को गाड़ियों में भरकर पुलिस लाइन भेजा। इस वक्त परिवर्तन चौक के आस-पास का एरिया ब्लॉक है। प्रदर्शन को देखते हुए हजरतगंज चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रास्‍ता बंद किया गया है। गाड़ियों को डायवर्ट किया गया है। उग्र प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में फोर्स तैनात है। यहां अभी भी वकील नारेबाजी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights