उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के एक गांव में एक युवती का शव शनिवार को एक खेत में पाया गया। इस युवती का रविवार को यानी आज विवाह होना था। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वारदात गंगापार सराय इनायत थाना क्षेत्र के दलापुर गांव की है। पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) अभिषेक भारती ने बताया कि शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि दलापुर गांव में एक खेत में रीना (20) नाम की युवती का शव पाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक युवती के परिजनों ने तारा चंद्र बिंद नाम के व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी मृतक युवती का जीजा है। भारती ने बताया कि गांव में पूछताछ के बाद पता चला कि युवती अपने जीजा के साथ 3 बार घर से भाग चुकी थी और 10 दिन पहले ही वापस अपने घर आई थी।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि रीना की बड़ी बहन मीना ने पूछताछ में कहा कि 2 दिन पहले ही उनके पति तारा चंद्र बिंद ने उसे धमकी दी थी कि यदि रीना की शादी कहीं और हुई तो वह उसकी हत्या कर देगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। हालांकि, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है क्योंकि मृतक युवती के चेहरे पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। पुलिस आरोपी व्यक्ति की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights