राजस्थान की राजधानी जयपुर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके विधानसभा मार्ग पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नागौर से विधायक हरीश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

आधी रात को मची अफरा-तफरी

पुलिस के अनुसार यह हादसा रविवार देर रात करीब 3:00 बजे हुआ। कार अंबेडकर सर्कल से एमएलए (MLA) क्वार्टर की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी विधानसभा के मुख्य गेट के सामने पहुंची अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रैफिक सिग्नल पोल और एक पेड़ से जा भिड़ी। रात के सन्नाटे में टक्कर की आवाज सुनकर वहां तैनात सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।

कुत्तों को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

दुर्घटना थाना दक्षिण के अधिकारी कैलाश के मुताबिक हादसे की प्रारंभिक जांच में एक चौंकाने वाली वजह सामने आई है। कार चला रही युवती (आस्था चौधरी) ने बताया कि अचानक सड़क पर 4-5 आवारा कुत्ते (श्वान) आ गए थे। उन्हें बचाने के चक्कर में युवती ने अचानक स्टीयरिंग घुमाया जिससे कार पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी सीधे पोल से टकरा गई।

विधायक की बेटी चला रही थीं कार

पुलिस जांच में पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त कार नागौर के पते पर पंजीकृत है और विधायक हरीश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी के नाम पर है। हादसे के वक्त आस्था ही कार चला रही थीं। उनके साथ कार में कुछ अन्य लोग भी सवार थे लेकिन एयरबैग्स खुलने और बेल्ट लगे होने के कारण सभी सुरक्षित हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाया और थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि इस हादसे में किसी भी जनहानि की खबर नहीं है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत या मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे की सटीक वजह का पता चल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights