कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए शन‍िवार को कहा कि वह खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। इसके साथ ही सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है।” सोनिया गांधी यहां विद्याधर नगर में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘देश के ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी नेताओं को डराने धमकाने, भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) में शामिल कराने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।” सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता व अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।”

वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है और गरीबों की कोई सुनवाई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक खोखली दुनिया, खोखले संसार में रह रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के नेता .. मोदी जी एक खोखले संसार एक खोखली दुनिया में रह रहे हैं..गाजे बाजे में.. शोहरत में आपको सिर्फ अच्छा अच्छा दिखता है, बड़ी-बड़ी ‘ईवेंट बाजी’ दिखती है, सच्चाई छिपाने के लिये है यह और जितने भी प्रयास हैं वो सिर्फ सच्चाई छुपाने के लिये है।’ रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी संबोधित किया। कांग्रेस पार्टी ने इस अवसर पर आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र ‘न्याय पत्र’ राजस्थान में जारी किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights