जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव अपने पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव को बिहार का राजा बनाना चाहते हैं।
“लालू से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है”
किशोर ने शुक्रवार को भोजपुर जिले के उदवंतनगर और संदेश प्रखंड में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं पिछले तीन सालों से बिहार के गांव-गांव घूम रहा हूं। बच्चों के शरीर पर सूती कपड़ा या पैरों में चप्पल नहीं है। इसीलिए आपको अपने बच्चों की चिंता करनी है, कोई नेता आपके बच्चों की चिंता नहीं करेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि बिहार के लोगों को लालू से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है। लालू यादव के बेटे ने 9वीं पास भी नहीं किया है, फिर भी वह चाहते हैं कि उनका बेटा राजा बने और दूसरी तरफ बिहार के लोग जिनके बच्चे मैट्रिक, बी.ए., एम.ए.कर चुके हैं, फिर भी उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है।”
अशोक चौधरी के प्रोफेसर बनने पर कटाक्ष
जनसुराज के सूत्रधार ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) नेता अशोक चौधरी के 56 साल की उम्र में प्रोफेसर बनने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चौधरी सर्वदलीय नेता हैं। आश्चर्य की बात है कि जहां क्लर्क बनने के लिए भी परीक्षा देनी पड़ती है, वहीं चौधरी बिना कोई परीक्षा दिए 56 साल की उम्र में प्रोफेसर बन गए हैं। वह चुनाव से महज चार महीने पहले ही वे प्रोफेसर बने हैं क्योंकि सभी पाटिर्यों में रहने के बावजूद उन्हें समझ आ गया है कि नवंबर के बाद उनके लिए कहीं भी जगह बचने वाली नहीं है। इसलिए वे अपने लिए रोजी-रोजगार का इंतजाम कर रहे हैं।
