पौड़ी गढ़वाल, 26 दिसंबर । जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में लघु सिंचाई विभाग की ओर से शुक्रवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले में उपलब्ध लघु, मध्यम और वृहद सिंचाई संरचनाओं, जल निकायों और प्राकृतिक जलस्रोतों (स्प्रिंग्स) की सटीक एवं अद्यतन संगणना पर चर्चा की गई।

संगणना का उद्देश्य और महत्व

प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि संगणना का उद्देश्य जिले के जल संसाधनों की वास्तविक स्थिति का पता लगाना है। इससे जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं को सशक्त बनाया जा सकेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

तकनीकी प्रशिक्षण और डेटा संकलन

मास्टर ट्रेनर एवं अपर सहायक अभियंता राहुल कुमार शर्मा ने डेटा संकलन की पद्धति, जल निकायों के वर्गीकरण, फील्ड सर्वे और डिजिटल डाटा प्रविष्टि के तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने लघु सिंचाई संगणना ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन की जानकारी भी साझा की।

कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता लघु सिंचाई संजय भास्कर, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वन क्षेत्र में वन्यजीवों के खतरे को देखते हुए संगणना के लिए वन विभाग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights