उत्तर प्रदेश की राम नगरी अयोध्या में बन रहे भव्य और दिव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। जनवरी 2024 में रामलला अपने गर्भगृह में विराजमान हो जाएंगे। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई है। राम भक्तों को मंदिर के निर्माण के पूरे होने का इंतजार बेसब्री से है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट लगातार मंदिर के निर्माण की जानकारी देता रहता है। इसी बीच ट्रस्ट ने एक और जानकारी दी है। मंदिर में रामलला के सेवादारों और पुजारी को सरकारी कर्मचारियों की तरह सुविधाएं प्रदान की जाएगी। उन्हें हर तरह की सुविधा मिलेगी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जानकारी देते हुए बताया है कि राम मंदिर के सभी पुजारियों और सेवादारों को सरकारी कर्मचारियों की ही तरह सभी सुविधाएं मिलेंगी। पुजारियों और सेवादारों का हर तरह से ख्याल रखा जाएगा। जिसमें मेडिकल अलाउंस, हाउस अलाउंस, छुट्टी के साथ ही यात्रा और खान-पान का अलाउंस शामिल किया गया है। यह सभी सुविधाएं बीते लंबे सालों से रामलला की सेवा कर रहे पुजारी और सेवादारों समेत उन नए पुजारियों और सेवादारों को भी दी जाएगी, जो जनवरी 2024 में नियुक्त किए जाएंगे।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मंदिर ट्रस्ट को राम मंदिर की सारी जिम्मेदारी मिल गई थी। जिसके बाद सबसे पहले अप्रैल 2023 में राम मंदिर के पुजारियों और सेवादारों का वेतन बढ़ाकर 8 हजार से 15 हजार किया गया था। फिलहाल अब ट्रस्ट की ओर से यह साफ किया गया है कि राम मंदिर में रामलला के विराजमान होने के साथ ही पुजारियों और सेवादारों को राज्य कर्मचारियों की ही तरह सुविधाएं दी जाएंगी। ट्रस्ट ने यह भी जानकारी दी है कि राम मंदिर परिसर के अलावा भी पांच अन्य मंदिर बनाए जा रहे है, जिनके लिए भी पुजारियों और सेवादारों की नियुक्ति की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights