बिहार के गोपालगंज ज़िले में भाजपा एमएलसी राजीव सिंह के मकान पर बुलडोजर चलने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। बंजारी मोड़ (नगर थाना क्षेत्र) स्थित भाजपा एमएलसी राजीव सिंह के आवास पर अतिक्रमण हटाने के मद्देनज़र कार्रवाई की गई है। आरोप है कि NH-27 की ज़मीन पर भाजपा एमएलसी राजीव सिंह ने अतिक्रमण किया और उसके बाद मकान का बाउंड्री निर्माण हुआ है।
जिला प्रशासन की मानें तो NH-27 के ज़मीन पर अतिक्रमण कर बाउंड्री कराये जाने के मामले में पहले ही नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए बुधवार की शाम कार्रवाई की गई।
गोपालगंज सदर अंचल के सीओ राकेश कुमार ने कहा कि अतिक्रमण के मद्देनज़र नोटिस पहले ही जारी कर दिया गया था। नोटिस के बाद अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी ज़मीन को खाली कराया गया है। NH-27 की ज़मीन पर अतिक्रमण करने वाले 149 लोगों के घरों और दुकानों से पहले राउंड अतिक्रमण हटाया गया।
अतिक्रमण हटाये जाने की कार्रवाई के दूसरे राउंड में 28 अतिक्रमणकारियों को निशानदेही कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस पूरे मामले में भाजपा एमएलसी राजीव सिंह ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा भाजपा के प्रतिनिधिनंडल ने खुद अतिक्रमण हटाने के लिए जिलाधिकारी से मुलाकात की थी।
गोपालगंज डीएम से मुलाक़ात कर दो दिनों की मोहलत मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन के अधिकारी दो जेसीबी लेकर आए और आनन-फानन में मकान की चारदीवारी और दरवाज़े को तुड़वा दिया। राजीव सिंह ने कहा कि बुधवार की सुबह से उनके यहां मज़दूर खुद अतिक्रमण हटा रहा था। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने शाम में 4:50 बजे जेसीबी से कार्रवाई की।
भाजपा एमएलसी राजीव सिंह ने जिला प्रशासन के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए, उन्हों कहा कि बंजारी मोड़ से लेकर अरार मोड़ तक कई रसूखदारों ने NH-27 की ज़मीन पर अतिक्रमण किया हुआ है। जिला प्रशासन उन लोगों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहा है। राजीव कर रखा है, लेकिन उन पर प्रशासन कोई करवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर कार्रवाई की गई है।
