उत्तर प्रदेश एटीएस ने बाराबंकी और कुशीनगर से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ़्तार किया है. इन दोनों संदिग्धों की पहचान कुशीनगर के निवासी कृष्णा मिश्रा और बाराबंकी के रहने वाले दानियल अशरफ के तौर पर हुई हैं. सूत्रों के मुताबिक एटीएस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है, जिसमें उन्होंने कई और युवकों के भी नाम बताए हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी दानियाल अशरफ और कृष्णा मिश्रा ने एटीएस को बताया है कि वो पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में आए थे. दोनों आतंकी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान हैंडलर से जुड़े थे. जिसके बाद यूपी एटीएस दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच में जुट गई है.
पंजाब, यूपी के संवेदनशील इलाकों की रेकी
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक़ दानियल ने मुंबई स्थित RSS कार्यालय की रेकी करने की भी बात कबूली है. आरोपी ने पुलिस थाने की रेकी कर फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे. सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी हैंडलर ने उन्हें स्लीपर सेल बनाने का लक्ष्य दिया था. आरोपियो से पंजाब, यूपी और मुंबई में संवेदनशील स्थलों की रेकी कराई गई.
आतंकियों के सहयोगियों और नेटवर्क की जाँच
पाकिस्तानी हैंडलरों ने आतंकी वारदात के लिए आरोपियों को बड़ी रकम का लालच दिया था. उन्होंने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के दफ्तरों की भी वीडियो पाकिस्तान को भेजी थी. उन्हें पुलिसकर्मियों पर हमले और थानों पर ग्रेनेड फेंकने की ट्रेनिंग भी दी गई थी. यूपी एटीएस अब इन संदिग्ध आतंकियों के सहयोगियों और उनके नेटवर्क की तलाश में भी जुट गई है. ताकि ये पता चला सके कि इनका नेटवर्क कहां-कहां तक फैला था.
बता दें कि यूपी ATS ने छह मई को ही दोनों आतंकियों को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद पुलिस कस्टडी रिमांड में आतंकियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. ATS आतंकियों के सहयोगियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी गई है. माना जा रहा है कि जल्द ही इस मामले में और संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी की जा सकती है.
