यूपी पुलिस की वर्दी पहनने का ख्वाब देखने युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। दरअसल, योगी सरकार अब बहुत ही जल्द 28,138 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती के लिए अप्रैल के अंत तक अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि इस बार सिपाही के साथ दरोगा, जेल वार्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर, रेडियो सहायक परिचालक और अन्य पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस मुख्यालय से इन पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। जल्द ही लिखित परीक्षा की तारीख भी घोषित की जाएगी।
वहीं,इस भर्ती को लेकर बोर्ड अध्यक्ष राजीव कृष्ण ने बताया कि पुलिस विभाग में सिपाही स्तर के विभिन्न पदों पर कुल 19,220 भर्तियां की जाएंगी। इनमें सिपाही पीएसी के 9,837, विशेष सुरक्षा बल के 1,341, महिला सिपाही पीएसी के 2,282, नागरिक पुलिस के 3,245 और घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं।
दरोगा, सिपाही और जेल वार्डर
इसके अलावा उप निरीक्षक (SI) के 4,543 पदों पर भी भर्ती होगी। इनमें 4,242 पद नागरिक पुलिस, 106 महिला उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर के 135 और विशेष सुरक्षा बल के 60 पद शामिल हैं। जेल वार्डर और अन्य पदों पर भी भर्ती यूपी कारागार विभाग में जेल वार्डर के 2,833 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A के 1,153, लेखा एवं गोपनीय सहायक के 345 और रेडियो सहायक परिचालक के 44 पदों पर भी सीधी भर्ती होगी।
