मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिकारी किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं करते। कहीं उनकी जमीन पर तो कहीं उनके मकानों पर अवैध कब्जे किए गए हैं। लेकिन शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया।

सदर तहसील में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करते हुए चेतावनी दी गई कि जब तक समस्याओं का निस्तारण नहीं होता धरना जारी रहेगा। मुजफ्फरनगर सदर तहसील में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने दोपहर के बाद प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। भारतीय किसान यूनियन नगर अध्यक्ष गुलबहार मलिक ने कहा कि अधिकारी समस्या निस्तारण की बात तो करते हैं लेकिन व्यवहारिक तौर से ऐसा नहीं करते।

उन्होंने कहा कि जब अधिकारियों को समस्या बताई जाती है तो व उसके तुरंत निदान का आश्वासन दे देते हैं। लेकिन पीड़ित के घर लौटते ही समस्या निराकरण पर उदासीन हो जाते हैं। इसलिए किसानों की समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं। उन्होंने गांव शेरपुर में 14 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे की बात कहते हुए इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों पर ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा हटाने का आदेश होने के बावजूद एसडीएम उस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बघरा में एक मकान को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया। कहां की विभिन्न समस्याएं हैं जिनके निस्तारण के लिए किसान आंदोलन की राह पर चल पड़ा है। यूनियन नेता गुलबहार मलिक ने कहा कि उन्होंने सदर तहसील पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। जब तक सभी समस्याओं का निस्तारण नहीं होता धरना जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights