मुंबई के घाटकोपर इलाके में सोमवार शाम को धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश के कारण एक पेट्रोल पंप पर अवैध होर्डिंग गिरने की घटना में मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक, हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और 74 लोग घायल हुए है। एनडीआरएफ की दो टीमें बचाव अभियान में जुटी हुईं है।

घटनास्थल पर मौजूद एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट निखिल मुधोलकर ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। अब तक कुल 88 लोगों को बाहर निकाला है, जिसमें से 14 लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। 31 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। कुछ लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं… टीन गर्डर के नीचे कुछ लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है…”

इस घटना के बाद बीएमसी (BMC) ने एक आदेश जारी किया है. जिसमें मुंबई के विभिन्न स्थानों पर लगे होर्डिंग को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया है। बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत होर्डिंग्स को हटाने का आदेश पारित किया है।

सोमवार (13 मई) शाम लगभग 04:30 बजे मुंबई के घाटकोपर के पंतनगर इलाके में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे पुलिस ग्राउंड पेट्रोल पंप पर एक 100 फुट से अधिक ऊंचा लोहे का होर्डिंग गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि यह होर्डिंग धूल भरी आंधी के चलते गिरा।
पंतनगर पुलिस स्टेशन में मैसर्स ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के मालिक भावेश भिंडे और अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर ने इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights