उत्तर प्रदेश में माफिया मुख्तार अंसारी की 22 साल पुराने उसरी चट्टी कांड मामले में आज सीजेएम (CJM) कोर्ट में पेशी होगी। यह पेशी उनकी सुरक्षा के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए होगी। ये मामला गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाना में उसरी चट्टी कांड में मारे गए मनोज राय की हत्या का है। मनोज कुमार राय के पिता शैलेंद्र राय ने मुख्तार अंसारी पर ही अपने बेटे की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिस उसरी चट्टी कांड में मुख्तार खुद को पीड़ित बताकर न्यायालय से इंसाफ मांग रहा था, केस दर्ज होने के बाद उसी मामले में मुख्तार आरोपी बन गया।
बता दे कि 15 जुलाई 2001 को मुख्तार अंसारी अपने गृह जनपद मुहम्मदाबाद से अपने निर्वाचन क्षेत्र मऊ जा रहा था। इसी दौरान दोपहर 12ः 30 बजे उसरी चट्टी पर उसके काफिले पर पहले से तैयार हमलावरों ने स्वचालित हथियारों से फायरिंग की थी। इसमें मुख्तार अंसारी के सरकारी गनर रामचंदर उर्फ प्रदीप की मौके पर मौत हो गई थी। इसमें अन्य दो की भी मौत हुई थी। जबकि मुख्तार समेत दर्जनभर लोग घायल हुए थे। मुख्तार अंसारी ने इस मामले में बृजेश सिंह और उसके साथी त्रिभुवन सिंह को नामजद कराते हुए कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
मृतक मनोज राय के पिता शैलेंद्र राय ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा मनोज मुख्तार अंसारी के ठेकेदारी का काम देखता था। इसी में उसका विवाद मुख्तार से हो गया। जिसके बाद 14 जुलाई 2001 की शाम को मुख्तार अंसारी के ड्राइवर समेत चार लोग जिनका FIR में नाम दर्ज है। उसे अपने साथ ले गए और 15 जुलाई 2001 को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर दर-दर भटकते रहे लेकिन उस वक्त कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मामले में मुख्तार अंसारी सहित पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147,148, 149 और 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में आज कोर्ट में उसकी पेशी होगी।
