कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षा की गुहार लगाती हैं, पर उन्हें सुरक्षा के बजाय सजा मिल रही है। पार्टी की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर गरिमा मेहरा दसौनी, चित्रा निषाद बाथम व प्रदेश प्रवक्ता शुचि विश्वास ने संयुक्त तौर पर कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराध दर 64.4 प्रतिशत हो गई है, जो 2014 में 54 प्रतिशत थी।

पार्टी नेता रविवार को मातृत्व दिवस पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रही थीं। नेताओं ने कहा कि मां परिवार की धुरी है। मातृशक्ति के बगैर सृष्टि की कल्पना अधूरी है। मोदी-योगी सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं प्रताड़ित हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। 2014 में महिलाओं के खिलाफ प्रति वर्ष 3,37,922 अपराध होते थे जो बढ़कर 4,45,256 हो गये हैं। देश में रोज 1219 महिलाएं अपराधियों का शिकार हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि हाथरस से हासन तक, मणिपुर से उन्नाव तक, पौड़ी गढ़वाल से सोनभद्र तक, कैसरगंज से वाराणसी तक भाजपाई सत्ता की सरपरस्ती में बलात्कारियों के साथ हैं। महिलाएं भाजपा सरकर में हर तरह से प्रताड़ित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कैसरगंज से भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह पर अन्तर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती पहलवान बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप तय कर दिये गये हैं, पर भाजपा ने उनके पुत्र को प्रत्याशी बनाकर महिला पहलवानों का अपमान किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights