भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश बैठक में प्रदेश के संगठनात्मक चुनावों की तारिखों का ऐलान किया। जानकारी के मुताबिक, 31 दिसंबर तक प्रदेश में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे और 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्ष के चुनाव होंगे। भाजपा ने इन चुनावों के लिए नई आयु सीमा भी जारी की है।

भाजपा की नई नियमावली के मुताबिक, मंडल अध्यक्ष की आयु 35-45 वर्ष और जिलाध्यक्ष की आयु 45-60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रत्येक तीन जिले पर एक केंद्रीय पर्यवेक्षक तय किया जाएगा। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन चुनाव अधिकारी नरेश बंसल, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी डा. महेन्द्र नाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा संगठन चुनाव अपील समिति के प्रदेश संयोजक राजेन्द्र अग्रवाल उपस्थित थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि बूथ समिति के गठन में एक बूथ अध्यक्ष के साथ 11 सदस्य भी बनाए जाएंगे और उन 11 सदस्यों में से एक सचिव, एक व्हाट्सएप प्रमुख, एक मन की बात कार्यक्रम का प्रमुख तथा एक लाभार्थी प्रमुख भी बनाया जाएगा। भाजपा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस तक संविधान गौरव महोत्सव जिला, मंडल स्तर पर मनाएगी।
लखनऊ के विश्वेश्वरैया भवन में राष्ट्रीय सह चुनाव अधिकारी नरेश बंसल एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय की उपस्थिति में आयोजित ‘संगठन पर्व- सक्रिय सदस्यता एवं संगठनात्मक चुनाव बैठक’ को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights