मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) 13 फरवरी को गाजीपुर बॉर्डर के लिए कूच करेगी। इसको लेकर चांदपुर मखियाली गांव में पंचायत की गई। इससे पहले शहर की हृदय स्थली शिव चौक पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ।

भाकियू (महात्मा टिकैत) ने किसान हित के मुद्दों को लेकर चांदपुर मखियाली में तिगरी रोड स्थित किसान बिजेंद्र के खेत में पंचायत की। इसमें शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान का शिव चौक पर कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अनिल तालान ने भगवान आशुतोष की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना की। इसके बाद उनका काफिला चांदपुर पंचायत में पहुंचा। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। गन्ना भुगतान और नलकूप पर मुफ्त बिजली के मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 13 फरवरी को संगठन गाजीपुर बॉर्डर के लिए कूच करेगा। यहां से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। इस दौरान संगठन का विस्तार किया गया। अन्नु चौधरी को महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष, ललित त्यागी को सदर तहसील अध्यक्ष और अनिल त्यागी को रामपुर मनिहारान का तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष मनोज त्यागी, प्रदेश महासचिव विपिन मलिक, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष शाकिर मुखिया, मेरठ जिलाध्यक्ष निक्की तालान, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी, वाहिद राणा, जिकरिया त्यागी, रिजवान त्यागी, आसिफ अली, जावेद और प्रशांती राठी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights