उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक शिक्षक पर अपनी ही पत्नी की करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसका अंत इस दर्दनाक त्रासदी के साथ हुआ।

क्या है पूरा मामला?
घटना गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे रामदीन गांव की रहने वाली चेतना की है। चेतना का विवाह साल 2014 में अमेठी कोतवाली क्षेत्र के निवासी उमाकांत शुक्ला के साथ हुआ था। दंपति का एक 6 साल का बेटा भी है। परिजनों का आरोप है कि उमाकांत, जो वर्तमान में एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है, शादी के कुछ समय बाद से ही चेतना को प्रताड़ित करने लगा था।

अवैध संबंधों ने ली जान!
मृतका के पिता कृष्ण कुमार पांडे ने पुलिस को दी तहरीर में बेहद चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।आरोप है कि शिक्षक उमाकांत का जामो ब्लॉक में तैनात एक महिला शिक्षामित्र के साथ पिछले कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चेतना अक्सर इस रिश्ते का विरोध करती थी, जिसे लेकर उमाकांत उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि उमाकांत शादी के वक्त बेरोजगार था, लेकिन शिक्षक बनने के बाद उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया और वह चेतना से पीछा छुड़ाना चाहता था।

करंट लगाकर दी दर्दनाक मौत
परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने चेतना को पूरे शरीर में बिजली का करंट लगाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की कार्रवाई
सीओ अखिलेश वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति उमाकांत शुक्ला समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस जघन्य हत्याकांड में और कौन-कौन शामिल था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights