भाजपा ने मैराथन माथापच्ची के बाद पहले चरण के मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद पद के चेहरे तय कर लिए हैं। इन्हें लेकर पहले शुक्रवार को सुबह तड़के से देर शाम तक भाजपा मुख्यालय पर क्षेत्रवार मंथन चला। फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पांच कालिदास मार्ग में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मेयर और जिला मुख्यालय वाली नगर पालिकाओं के प्रत्याशियों के नामों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। मेयर प्रत्याशियों की सूची पर दिल्ली की मुहर लगेगी। इसे लेकर प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री शनिवार की सुबह दिल्ली जा सकते हैं। आज शाम तक पार्टी पहले चरण के प्रत्याशियों का ऐलान करेगी।

पहले चरण में राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के नौ मंडलों के 37 जिलों में निकाय चुनाव होने हैं। गुरुवार रात अवध क्षेत्र के प्रत्याशियों के पैनल की स्क्रीनिंग के बाद शुक्रवार को सुबह तड़के से बाकी क्षेत्रों की बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया। इन बैठकों में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष और क्षेत्रीय प्रभारी मौजूद रहे। सूत्रों की मानें तो दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन सीएम आवास गए। वहां ढाई तीन घंटे तक नामों पर चर्चा हुई।

प्रदेश स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी में खासतौर से क्षेत्रवार ऐसी सीटों पर मंथन हुआ जहां नामों पर एकराय नहीं बन पाई। पार्षद और नगर पालिका अध्यक्षों की तमाम सीटें ऐसी थीं जहां जिला संगठन और सांसद-विधायकों की पसंद बिल्कुल जुदा थी। ऐसे में कई जगह टकराव की स्थिति बनीं।शाम को मुख्यमंत्री आवास में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें सीएम योगी के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। पहले 17 नगर निगमों के महापौर पद के चेहरों पर चर्चा की गई। फिर जिला मुख्यालय वाली 58 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों पर बात हुई। सभी नामों पर सहमति बनने के बाद मेयर प्रत्याशियों के नामों पर दिल्ली से स्वीकृति ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights