–शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने लिया विकराल रूप, लाखों का सामान जलकर राख
मुजफ्फरनगर। जनपद के कस्बा शाहपुर में पंजाब नेशनल बैंक के सामने गुरुवार देर रात एक जनरेटर फैक्ट्री और उससे सटे गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट के चलते लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग रात करीब 8 बजे लगी। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की भयावहता को देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। गोदाम स्वामी उमर दराज के अनुसार आग की चपेट में ट्रांसफार्मर, तकनीकी उपकरण और अन्य कीमती सामान आ गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस समय आग लगी उस वक्त गोदाम के अंदर कर्मचारी कार्य कर रहे थे। आग का आभास होते ही कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा था, लेकिन समय रहते राहत कार्य शुरू होने से आग को फैलने से रोक लिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights