मुजफ्फरनगर में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान और राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल की मौजूदगी में फिशरमैन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। सिसोदिया ने कहा कि अति पिछड़ों के दम पर भाजपा इस बार 400 सीटों का आंकड़ा पार करेगी।
मखियाली में अति पिछड़ा वर्ग महासम्मेलन हुआ। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने कहा कि पार्टी में देवेंद्र कश्यप को पूरा सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य अति पिछड़ों का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक उत्थान है। अति पिछड़ों के बल पर भाजपा इस कार 400 पार करने जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि जिले का कश्यप समाज कोल्हू में गुड़ बनाने का कार्य मुख्य रूप से करता है। कोल्हुओं में बिजली के बिल में छूट कराना, कनेक्शन में आने वाली समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि मध्य प्रदेश में गुड़ पकाने वाले कश्यप समाज के 15 हजार लोग विधानसभा चुनाव में वोट डालने के लिए आ जाते तो सपना कश्यप कभी भी चुनाव नहीं हारतीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह केवट ने भगवान राम को गंगा पार कराई, इसी तरह कश्यप समाज भाजपा को 400 पार कराने का काम करेगा।
