उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के गणेशपुर कस्बे में बीते शुक्रवार की रात एक ऐसी शादी हुई जिसे लोग ताउम्र नहीं भूलेंगे। जहां शहनाइयां बजनी चाहिए थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। वजह थी— नशे में धुत दूल्हा, जिसने अपनी ही शादी के मंच पर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दीं।

जयमाला पर तांडव
बहराइच से आई बारात का स्वागत बड़े लाड़-प्यार से किया गया था। रात 11 बजे जब जयमाला की रस्म शुरू हुई, तो दूल्हा विशाल नशे में लड़खड़ा रहा था। जैसे ही दुल्हन निशा ने वरमाला डालने की कोशिश की, दूल्हे ने सरेआम उसे लात मार दी। यह मंजर देख बाराती और घराती दोनों सन्न रह गए।

ससुर पर हाथ उठाया तो मच गया गदर
जब दुल्हन के पिता सत्रोहन अपनी बेटी को बचाने के लिए मंच पर आए, तो नशे में अंधे हो चुके दूल्हे ने अपने ससुर के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। फिर क्या था, वधू पक्ष के सब्र का बांध टूट गया। कुछ ही पलों में शादी का टेंट जंग का मैदान बन गया।दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, कुर्सियां तोड़ी गईं। इस मारपीट में दूल्हे की बहन, जीजा और एक बाराती लहूलुहान हो गए। मेहमान जान बचाकर भागने लगे।

पुलिस की एंट्री और सुबह का समझौता
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया। रात भर चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद शनिवार सुबह गांव के संभ्रांत लोगों और पूर्व प्रधान ने हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ, जिसके बाद बेमन से शादी की बाकी रस्में पूरी की गईं। हालांकि, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने तलब किया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights