आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता एवं मंत्री आतिशी ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पानी की कमी के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने हरियाणा से मानवीय आधार पर यमुना में अतिरिक्त पानी छोड़ने का आग्रह किया है।

दिल्ली की जल मंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुनक नहर और वजीराबाद जल शोधन संयंत्र में पानी की कमी के कारण राष्ट्रीय राजधानी में शोधित जल का उत्पादन करने में सात करोड़ गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) की कमी का सामना करना पड़ रहा है।  उन्होंने कहा कि दिल्ली में सामान्य रूप से (शोधित) जल का उत्पादन लगभग 1,002 एमजीडी होता है, जो शुक्रवार को घटकर 932 एमजीडी रह गया।

मंत्री ने कहा, ‘दिल्ली सरकार ने मानवीय आधार पर हरियाणा से राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ने की अपील की है।’

उन्होंने कहा कि गर्मी कम होने के बाद यमुना के जल के बंटवारे से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ऊपरी यमुना नदी बोर्ड की बैठक में दिल्ली में जल संकट का कोई समाधान नहीं निकल सका।

उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश अपने द्वारा उपयोग नहीं किया गया पानी दिल्ली को देने के लिए तैयार है।

मंत्री ने कहा, ‘मैंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात की और उन्होंने मुझे सहयोग का आश्वासन दिया है।’

आतिशी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से पानी की उपलब्धता का आकलन बोर्ड द्वारा अभी तक नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि शनिवार को दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिन इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है उनका पता लगाया जाए तथा पानी के टैंकर की संख्या बढ़ाई जाए।

आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के बीच उत्पन्न जल संकट के समाधान के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

दिल्ली विधानसभा में आप के मुख्य सचेतक दिलीप पाण्डेय ने स्थिति को बहुत गंभीर बताते हुए शनिवार को कहा कि यमुना के जल का मुद्दा एक अंतरराज्यीय मुद्दा है जिसके लिए जल शक्ति मंत्रालय के समन्वय की आवश्यकता है।

पाण्डेय ने कहा, आप विधायकों की ओर से पत्र में इस मामले पर चर्चा के लिए मंत्री से मिलने का समय मांगा गया है। आप नेता ने यह भी कहा कि राजनीति करने के बजाय सभी दलों को जल संकट को दूर करने और दिल्ली के लोगों को राहत प्रदान करने के लिए काम करना चाहिए।

पाण्डेय ने कहा, यह पूरा मामला राज्य समन्वय से जुड़ा है और केंद्र के हस्तक्षेप के बिना कोई समाधान नहीं निकलेगा।

पानी की किल्लत को लेकर प्रदेश भाजपा रविवार को दिल्ली के लोगों को जागरूक करेगी। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अगुवाई में राजधानी के सभी जिलों में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में भी सभी ईकाई प्रमुख रूप से हिस्सा लेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीनगर चौक पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे। पार्टी ने सभी नेताओं को अपने-अपने इलाके में प्रदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी है।

पार्टी ने जारी बयान में कहा है कि संगम विहार स्थित हमदर्द बिल्डिंग के सामने होने वाले प्रदर्शन की अगुवाई स्थानीय सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, नजफगढ़ में प्रदर्शन की अगुवाई स्थानीय सांसद कमलजीत सहरावत, पश्चिमी जिले में स्टेट बैंक चौक जहांगीरपुरी में प्रदर्शन की अगुवाई  सांसद योगेंद्र चंदोलिया, आरके पुरम स्थित डीजेबी ऑफिस के बाहर होने वाले प्रदर्शन की अगुवाई सांसद बांसुरी स्वराज, पूर्वी दिल्ली 110 फुटा रोड,बुराड़ी के प्रदर्शन की अगुवाई विधायक अजय महावर, दुर्गापुरी चौक पर होने वाले प्रदर्शन की अगुवाई विधायक जितेंद्र महाजन करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights