दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू (जेएनयू) विश्वविद्यालय के परिसर के अंदर 1 छात्र की मौत की खबर सामने आई है।  पुलिस ने रविवार को कहा कि एक छात्र की मौत हो गई है जबकि 3 छात्र बुरी तरह घायल हो गए है।

जानकारी के मुताबिक, एक दोपहिया वाहन से हुई दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, रविवार की सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से वसंत कुंज पुलिस स्टेशन (उत्तरी दिल्ली में स्थित) में जेएनयू में एक दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कहा कि यह पता चला है कि मृतक सहित दो लोग दोपहिया वाहन पर थे, जब उन्होंने जेएनयू परिसर में गोदावरी बस स्टॉप के पास दो पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। छात्र की पहचान अंशू कुमार के रूप में हुई, जिसे एम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि, मृतक का दोस्त विशाल कुमार, जो पीछे बैठा था, का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने कहा कि दो पैदल यात्री सचिन और मृगांक यादव भी दुर्घटना में घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक अंशू कुमार जेएनयू में रूसी भाषा का प्रथम वर्ष का छात्र था। वह सतलुज छात्रावास में रहता था। इस बीच, पुलिस ने कहा कि मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights