उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की छत उड़ गई। इंजन और पहिये भी दूर जा गिरे। इस भीषण हादसे में कार सवार तीन युवक अंदर फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को कार से बाहर निकाला। घायलों को इलाक के लिए अस्पताल में भर्ती किया। जिनमें से एक की मौत हो गई और दो की हालत काफी गंभीर है।

हादसे में कार के उड़ गए परखच्चे 
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मथुरा के गांव भैंसा मार्ग पर हुआ। पुसिल ने बताया कि कासगंज के तबालपुर निवासी 20 वर्षीय संदीप कुमार मथुरा रिफाइनरी में हेल्पर का काम करते थे। रविवार को वह अपने साथ काम करने वाले सुभाष और अंकित के साथ कार में सवार होकर कमरे के लिए चले। गांव भैंसा जाने वाली रोड पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार की गति इतनी तेज थी कि उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में संदीप की मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों में मचा कोहराम 
बताया जा रहा है कि कार अंकित चला रहा था, जिसकी हालत काफी गंभीर है। उसे उपचार के लिए परिजन निजी अस्पताल ले गए हैं। हादसे की जानकारी के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले संदीप के परिजन जल्द ही उसकी शादी करने वाले थे। उनके सारे अरमान रह गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights