सहारानपुर(मनीष अग्रवाल)। देहात कोतवाली क्षेत्र चिलकाना रोड पर शुक्रवार की रात को दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर पर मौजूद महिलाओं को आतंकित कर लूट की घटना को दिया अंजाम। एडवोकेट नौशाद अली ने बताया वह सहारनपुर सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। उनका आवास चिलकाना रोड स्थित दया गार्डेन कॉलोनी में है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे वह अपने बेटे के साथ नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर उनके घर पहुंचे और मौका देखकर घर के अंदर घुस गए। घर में उस समय उनकी पत्नी और बेटी ही मौजूद थीं। बदमाशों ने अंदर घुसते ही दोनों महिलाओं को तमंचे के बल पर डराया-धमकाया और उन्हें बंधक बनाकर घर की तलाशी लेने लगे। बदमाशों ने पूरे घर में लूटपाट की और घर के अंदर बने एडवोकेट के ऑफिस में भी पहुंच गए। बदमाशों ने ऑफिस में रखी करीब 43 हजार रुपए की नगदी उठा ली। अभी तक पता नहीं हो पाया है कि बदमाश नगदी के अलावा और क्या-क्या सामान अपने साथ ले गए हैं। घटना के दौरान महिलाएं डरी-सहमी रहीं। इसी बीच जैसे ही एडवोकेट का मुंशी मौके पर पहुंचा। बदमाश घबराकर वहां से भाग निकले। क्षेत्रराधिकारी द्वितीय मनोज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और यह पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान व तलाश करने में जुटी है।
