राधा स्वामी संगत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राधा स्वामी सत्संग डेरा ब्यास में मई महीने के दौरान 2 स्पेशल भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे संगत में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
भंडारों से पहले होगा सवाल-जवाब का कार्य़क्रम
डेरे के जोनल सेक्रेटरी सुनील तलवाड़ द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 24 मई और 31 मई (रविवार) को सुबह 8:30 बजे डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों सत्संग फरमाएंगे। इसके अलावा, दोनों भंडारों से एक दिन पहले यानी 23 और 30 मई (शनिवार) को सुबह सत्संग के बाद बाबा जी कार दर्शन देंगे। वहीं, शाम 4 बजे सत्संग पंडाल में सवाल-जवाब का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में संगत के ब्यास पहुंचने की संभावना
गौरतलब है कि 10 मई को हुए भंडारे के बाद अगला भंडारा 21 जून को निर्धारित था, लेकिन अचानक 2 स्पेशल भंडारों की घोषणा से संगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। खास बात यह है कि 21 जून का भंडारा भी पहले से तय शेड्यूल के अनुसार आयोजित होगा। इन विशेष आयोजनों को लेकर बड़ी संख्या में संगत के राधा स्वामी सत्संग ब्यास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
