कानपुर, 03 फरवरी । चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्विस रोड पर विपरीत दिशा से जा रहे बाइक सवार युवक की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर मंजय सिंह ने मंगलवार काे बताया कि यह हादसा ततियागंज इलाके में सर्विस रोड पर उस समय हुआ, जब शिवराजपुर थाना क्षेत्र के बिलहन गांव निवासी ट्रैक्टर चालक रणजीत (32) अपनी बाइक से विपरीत दिशा में कानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर को देखकर उसने बचने के प्रयास में अपनी बाइक कच्ची सड़क की ओर मोड़ दी। कच्ची सड़क पर मिट्टी गीली होने के कारण बाइक फिसल गई और रणजीत संतुलन खो बैठा। वह सड़क पर गिर पड़ा और उसी दौरान डंपर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
