उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दो सगे व्यापारी भाइयों ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी से परेशान होकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। छाता पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजय कुमार त्यागी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे दिल्ली-मथुरा बिलौठी कट रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर ट्रैक के पास उनकी बाइक खड़ी मिली। बाइक के पंजीकरण नंबर के सहारे छानबीन में उनके बारे में जानकारी मिली।

एसएचओ ने बताया कि दोनों की शिनाख्त महेश अग्रवाल उर्फ टीटू (38) व सौरभ अग्रवाल (32) निवासी-गोविंद धाम कॉलोनी गोवर्धन रोड, थाना हाईवे के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि दोनों सगे भाई मूलरूप से दामोदरपुरा थोक, सौंख के निवासी थे तथा दोनों पिछले कुछ वर्षों से मथुरा में रह रहे थे, और यहां से नमकीन, चिप्स आदि का कारोबार करते थे। उनके भतीजे पवन ने बताया कि दोनों चाचा आर्थिक तंगी से परेशान थे। संभव है कि इसी वजह से उन्होंने ट्रेन से कटकर जान दे दी। दोनों शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से बाइक लेकर निकले थे। पुलिस ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights