उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार कार ट्रक के नीचे घुस गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हुए थे। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान एक अन्य महिला की मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल का उपचार जारी है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, जिस कार का एक्सीडेंट हुआ था वह ऑल्टो कार है। ऑल्टो सवार सभी लोग प्रयागराज से भोपाल लौट रहे थे। तभी हाईवे पर बड़ा नाला के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद ट्रक ऑल्टो कार को 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। कार और ट्रक की इस भीषण टक्कर के बाद कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवागमन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा, जिससे जाम की स्थिति हो गई थी। 

जेसीबी की मदद से ऑल्टो को निकाला बाहर
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में फंसी ऑल्टो को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाया। फिर धीरे-धीरे यातायात को बहाल किया गया। मृतकों की पहचान नरेश नागर पुत्र सिद्धनाथ, अवधेश नागर पुत्र बाबूलाल व भूरा गुर्जर के रूप में हुई है। वहीं, पूजा नागर पुत्री अनूप सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights