मुजफ्फरनगर। जनपद में जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यानारायण प्रजापत ने थाना क्षेत्र खालापार और कोतवाली नगर में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जुमे की नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। एसपी सिटी सत्यानारायण प्रजापत ने मस्जिदों के आसपास, मुख्य मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का जायजा लिया और संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए उनसे आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

इसी क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा भी कोतवाली नगर क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहे और जुमे की नमाज को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उन्होंने भी पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।


पुलिस प्रशासन की सतर्कता और प्रभावी व्यवस्था के चलते जनपद के विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। नमाज के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं प्रशासन की इस मुस्तैदी से आमजन में भी सुरक्षा का माहौल देखने को मिला और जुमे की नमाज जनपद में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न हुई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights